MP News: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक के ऑफिस में तोड़फोड़ और मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। आजाद नगर इलाके में कार की किस्तों की वसूली को लेकर विवाद के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े एक व्यक्ति के ऑफिस में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवक कार लोन की दो बकाया किस्तों की वसूली के लिए ऑफिस पहुंचे थे। विवाद बढ़ने पर युवकों ने परिवार के लोगों से मारपीट की और ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी। पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

आजाद नगर पुलिस के मुताबिक, पालदा निवासी शिव पाटिल कैटरिंग का काम करते हैं। वे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े हुए हैं और उनके आयोजनों में रसोई व्यवस्था का काम भी करते हैं।

दो किस्तें बाउंस होने पर पहुंचे थे युवक

शिव पाटिल की बेटी संस्कृति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 2:10 बजे के बीच प्रणय, आयुष, सुनील और शशिकांत नाम के चार युवक उनके ऑफिस पहुंचे। उन्होंने खुद को पिरामल फाइनेंस NBFC की ओर से कार लोन की वसूली के लिए आने वाला बताया।

युवकों ने बताया कि कार नंबर MP09ZX7814 की दो किस्तें बाउंस हो गई हैं और बकाया राशि तत्काल जमा करनी होगी। इस पर शिव पाटिल ने कहा कि बैंक की गलती के कारण किस्तें बाउंस हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कार बेचकर लोन फोरक्लोज करने की प्रक्रिया चल रही है।

विवाद के बाद ऑफिस में तोड़फोड़ का आरोप

शिकायत के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने शिव पाटिल, उनकी बेटी संस्कृति और बेटे यशवंत से अभद्रता और मारपीट की।

इसके बाद युवक दोबारा ऑफिस में घुसे और वहां गेट, कंप्यूटर समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिया

सूचना मिलने पर आजाद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑफिस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त की। पुलिस के अनुसार, फुटेज में ऑफिस में हंगामे और तोड़फोड़ की घटना रिकॉर्ड हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post