दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिमला। हिमाचल प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा के मानसून सत्र के छठे दिन सदन में इसकी घोषणा की। सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसके चलते शुक्रवार को स्कूल-कॉलेज और सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रक्षाबंधन पर केवल महिलाओं को छुट्टी मिलती थी, लेकिन अब पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश दिया गया है। इसका उद्देश्य भाई-बहनों को त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने का अवसर देना है।
महिलाओं को HRTC बसों में मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 28 अगस्त को सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रदेश के भीतर चलने वाली साधारण बसों में लागू रहेगी।
HRTC प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिलाओं को आवागमन में परेशानी न हो।
इशारा करने पर बस रोकना अनिवार्य
HRTC ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई महिला बस को रुकने का इशारा करती है तो चालक को बस रोकनी होगी। महिला के इशारे के बावजूद बस नहीं रोकने की शिकायत मिलने पर संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन
इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार राखी बांधने का शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है। इस दौरान भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा।
Tags
national
