दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जीआरपी ने 'ऑपरेशन हमदर्द' के तहत सराहनीय कार्य करते हुए शाजापुर जिले से भटककर जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे 12 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के सुजालपुर स्थित गणेश कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय अभिराज सिंह जादौन बिना बताए घर से निकल गया था। भटकते हुए वह जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गया, जहां स्टेशन परिसर में अकेले घूमते देख जीआरपी स्टाफ ने उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया।
जीआरपी थाने में अधिकारियों ने बालक से आत्मीयता और धैर्यपूर्वक बातचीत की। बालक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से मोबाइल फोन पर संपर्क किया। सूचना मिलने पर उसके पिता शैलेंद्र सिंह जादौन और मामा गजेंद्र सिंह शाजापुर से जबलपुर पहुंचे।
आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जीआरपी ने अभिराज को उसके पिता और मामा के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने जीआरपी पुलिस का आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि 'ऑपरेशन हमदर्द' का उद्देश्य भटके, लापता और जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाना है।
Tags
jabalpur
