दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बजरिया में रविवार रात बेखौफ बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घर के बाहर टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रही एक महिला को निशाना बनाते हुए मोपेड सवार तीन बदमाशों ने पहले पता पूछने का नाटक किया और फिर उन्हें धक्का देकर हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर पड़ीं। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटी बजरिया स्थित दुर्गा मंदिर के पास रहने वाली 35 वर्षीय शिवांगी वर्मा रविवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर के सामने गली में टहलते हुए फोन पर चर्चा कर रही थीं। इसी दौरान एक मोपेड पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने महिला से बातचीत शुरू की। शिवांगी जब तक कुछ समझ पातीं, तब तक बदमाशों ने उन्हें जोरदार धक्का दिया और उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया।
धक्के के कारण शिवांगी असंतुलित होकर जमीन पर गिर गईं। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन मोपेड सवार बदमाश तेज रफ्तार में मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़िता ने तुरंत अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गढ़ा थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
गढ़ा थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर मोपेड के नंबर और आरोपियों के हुलिए की शिनाख्त की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
