MP News: इंदौर में बदमाशों का आतंक, रास्ता पूछने के बहाने कैफे संचालक को चाकू मारा, दूसरी घटना में रुपए नहीं देने पर युवक पर हमला

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के लसूड़िया और खजराना थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में कैफे संचालक पर रास्ता पूछने के बहाने चलती बाइक पर चाकू से हमला किया गया, जबकि दूसरी घटना में शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया।

लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर निवासी रजत पटेल, जो एलआईजी चौराहे पर 'कप्पा एंड रेस्ट्रो' नाम से कैफे संचालित करते हैं, मंगलवार देर रात कैफे बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। एबी रोड स्थित जैन मंदिर गेट के पास एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें आवाज देकर रोका और देवास नाका जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही रजत ने बाइक धीमी कर रास्ता बताना शुरू किया, पीछे बैठे बदमाश ने उनकी पीठ में चाकू घोंप दिया। घायल रजत किसी तरह घर पहुंचे, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल लेकर गए। पुलिस को आशंका है कि हमला लूट की नीयत से किया गया हो सकता है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी घटना खजराना थाना क्षेत्र की इसहाक कॉलोनी में हुई। यहां निजी कंपनी में काम करने वाले आमीन पुत्र मुख्तियार खान से आरोपी मोहसीन ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर आरोपी ने आमीन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी आंख के पास और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी मोहसीन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post