दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल पुलिस ने नकबजनी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए कटर, रॉड व पेचकस बरामद किए हैं।
दो मकानों में हुई थी चोरी
पहली घटना में केशर विहार कॉलोनी निवासी मृगेन्द्र सिंह बैस के मकान का ताला तोड़कर चोर 42 इंच की टीवी, चांदी की गिलास और दो रिस्ट वॉच चोरी कर ले गए थे। इस मामले में 1 अगस्त को अपराध क्रमांक 787/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना न्यूरामनगर, शीतलामाता धाम के पास निवासी नवीन पटेल के मकान में हुई। 4 अगस्त की रात परिवार के साथ बाहर जाने के बाद चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में 5 अगस्त को अपराध क्रमांक 798/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पूर्व में नकबजनी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की 4 नग लोंग, चांदी की 4 नग अंगूठियां, एलजी कंपनी की 4 एलईडी टीवी, दो घड़ियां तथा वारदात में प्रयुक्त कटर, रॉड और पेचकस बरामद किए हैं।
ये आरोपी गिरफ्तार
1. गौरव चौधरी, पिता बबलू चौधरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी राजुल ड्रीम सिटी के आगे, अमखेरा, थाना अधारताल।
2. सोहेल उर्फ शनि चौधरी, पिता पंचम चौधरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी राम मंदिर टंकी के पास, अमखेरा, थाना अधारताल।
3. उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर, पिता गोविंद चौधरी, उम्र 34 वर्ष, निवासी मालगुजार परिसर के सामने वाली गली, थाना गोहलपुर।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार, उप निरीक्षक दीपक मंडलोई, प्रधान आरक्षक अरविंद डोंगरे, महेन्द्र बिष्ट तथा आरक्षक दुर्गेश दुबे, सुरजीत जाट, शशिप्रकाश और मानवेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
