दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में स्कूटी से जा रही महिला की मां के गले से एक अज्ञात बाइक सवार सोने का मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गया। घटना यश भारत रोड पर पगड़ी हाउस के सामने हुई। पुलिस के अनुसार एमआईजी-28 क्वार्टर, विजयनगर निवासी 28 वर्षीय कंचन पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। कंचन पटेल जबलपुर के जे.डी. ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां आरती पटेल के साथ एक्सिस से यादव कॉलोनी, पटेल मोहल्ला स्थित मामी के घर से विजयनगर स्थित अपने घर जा रही थीं। कंचन अपनी मां के साथ यश भारत रोड से होते हुए आगे बढ़ रही थीं। जैसे ही वे पगड़ी हाउस के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति आया। उसने उनकी मां के गले की ओर हाथ बढ़ाया।
बाइक सवार का हाथ आरती पटेल के हाथ से टकराया और इसी दौरान आरोपी ने उनके गले में पहना सोने का मंगलसूत्र बलपूर्वक खींचकर लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी यश भारत की ओर से सड़क पार कर बल्देवबाग की तरफ भाग गया। कंचन ने अपनी स्कूटी से आरोपी का पीछा किया। एक राहगीर ने भी मोटरसाइकिल से आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बल्देवबाग की ओर भागने में सफल रहा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलसूत्र लूटने वाला बाइक सवार सफेद रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहने हुए था। लार्डगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
