दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने चाकू से हमला कर युवक को घायल करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू और लाठी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को स्लॉटर हाउस रोड निवासी शहनवाज कुरैसी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दादामियां दरगाह दर्शन के लिए गया था। वहां मोहल्ले के अल्ताफ अहमद और उसके साथी ने शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर अल्ताफ ने चाकू से हमला कर उसके हाथ, जांघ, कमर और कान के पास चोट पहुंचाई। इसके बाद दोनों जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। मामले में हनुमानताल थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। फरार आरोपी अल्ताफ अहमद, जो पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है, पर 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अल्ताफ अहमद और राजा शेख उर्फ राजा खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और लाठी जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों को पकडने मे थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली, विनीत श्रीवास आरक्षक आशीष, साजिद की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
