दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र की कचनार सिटी में दवा व्यवसायी अजय अग्रवाल के सूने मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोर पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारियों व ड्रॉरों को खंगालकर डायमंड सेट, लैपटॉप और करीब एक से सवा लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि इसी मकान में पिछले साल अगस्त में भी चोरी हुई थी। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
रात को घर लौटे तो टूटा मिला ताला
अजय अग्रवाल के अनुसार, वे सुबह करीब 11 बजे काम के सिलसिले में घर से निकले थे। दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा घर आया और 2:30 बजे वापस चला गया। रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच जब अजय घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर पीछे की ओर जाकर देखा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों की अलमारियां और ड्रॉर खुले मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में करीब 10 से 12 अलमारियों को खंगाले जाने की बात सामने आई है।
डायमंड सेट, एचपी लैपटॉप और नकदी चोरी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बदमाश एक डायमंड सेट, एचपी लैपटॉप और करीब एक से सवा लाख रुपये की नकदी ले गए हैं। घर की महिलाएं बाहर होने के कारण चोरी हुए अन्य सामान और जेवरात की पूरी जानकारी उनके लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद चोरी की कुल कीमत का सही आकलन किया जाएगा।
पिछले साल भी इसी घर में हुई थी बड़ी चोरी
अजय अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष अगस्त में भी उनके घर में चोरी हुई थी। उस घटना में चोर शाम करीब 6 से 7:30 बजे के बीच घर में घुसे थे और करीब 6.5 से 7 लाख रुपये नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। एक साल बीतने के बाद भी उस मामले का खुलासा नहीं हो सका है। अब दोबारा उसी मकान में चोरी होने से पुलिस की जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक अभी चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। आसपास के इलाकों की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बताया गया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में मेमोरी कार्ड नहीं था और हाल ही में क्लाउड रिकॉर्डिंग भी बंद हो गई थी। ऐसे में पुलिस अब आसपास लगे दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Tags
jabalpur
