MP News: रायसेन में महिला की हत्या का हुआ खुलासा, देवर ने गला घोंटकर शव खेत में फेंका; फिर परिवार के साथ करता रहा तलाश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। बेलना महलपुर गांव में 30 वर्षीय आरती आदिवासी की हत्या के मामले में देवनगर थाना पुलिस ने उसके देवर रेवाराम उर्फ हल्कू (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर आरती की हत्या की और शव को श्मशान घाट के पास पानी से भरे खेत में फेंक दिया। इसके बाद उसने पुलिस को आरती के लापता होने की सूचना दी और परिवार के साथ उसकी तलाश में शामिल रहा।

सुबह खेत में मिला शव

पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद सुबह करीब 6 बजे घर पहुंचा और कुछ देर बाद डायल-112 पर आरती के लापता होने की सूचना दी। इसी दौरान गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए श्मशान घाट की ओर गईं। वहां पानी से भरे खेत में आरती का शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को आरती के गले पर गहरे निशान मिले। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई।

बयानों में अंतर से पुलिस को हुआ शक

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरती के घर से निकलने का समय आरोपी और अन्य लोगों के बयानों में अलग-अलग था। जहां पुलिस को बताया गया कि आरती रात करीब 2 बजे घर से बाहर निकली थी, वहीं रेवाराम ने उसके घर से निकलने का समय करीब 4:15 बजे बताया। दोनों बयानों में 2 घंटे 15 मिनट का अंतर सामने आने के बाद पुलिस ने रेवाराम से अलग से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की।

रात में बाहर निकलने को लेकर होता था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि आरती के रात में घर से बाहर निकलने को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। पुलिस ने बताया कि पारिवारिक विवाद और आरती के चरित्र पर संदेह को वारदात की वजह बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात आरती घर से बाहर निकली तो आरोपी रस्सी लेकर उसके पीछे गया। जंगल की ओर रास्ते में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने रस्सी से उसका गला कस दिया। हत्या के बाद शव को श्मशान घाट के पास पानी से भरे खेत में फेंक दिया गया।

मोबाइल और रस्सी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रस्सी विदिशा रोड के पास धान के खेत से बरामद की। आरती का मोबाइल श्मशान घाट के पास पानी से भरी तलैया से जब्त किया गया।

पति की मौत के 20 दिन बाद हुई हत्या

परिजनों के मुताबिक, आरती के पति प्रकाश आदिवासी की करीब 20 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आरती के भाई चंदू आदिवासी ने बताया कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे उसकी बहन से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उसने किसी परेशानी, विवाद या डर की बात नहीं बताई थी। आरती अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन रायसेन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम के दौरान चंदू ने शव की पहचान की।

सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच

पुलिस को आरती के मोबाइल से फोटो और वीडियो मिले हैं। परिजनों के अनुसार, वह सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और इंस्टाग्राम पर रील भी बनाती थी। हालांकि पुलिस ने फिलहाल सोशल मीडिया गतिविधि को हत्या का कारण नहीं माना है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

देवनगर पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के निरीक्षण, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पूछताछ के आधार पर करीब 12 घंटे में मामले का खुलासा किया गया। पुलिस ने रेवाराम उर्फ हल्कू पिता निरपत सिंह आदिवासी, निवासी बेलना महलपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post