दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया क्षेत्र और आसपास के रिहायशी इलाकों में तेंदुए की लगातार मूवमेंट से लोगों में दहशत का माहौल है। तेंदुआ घनी आबादी वाले क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों के पास नजर आने के बाद स्थानीय लोग अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
27 जुलाई को कॉलेज के पास दिखा था तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पहली बार 27 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे ओएफके कॉलेज के पास सड़क पर दिखाई दिया था। एक महिला ने अचानक सड़क पर तेंदुए को घूमते देखा। सामने तेंदुआ देखकर महिला घबरा गई और सुरक्षित स्थान की ओर लौट गई।
5 अगस्त को गुरुद्वारे के पास फिर नजर आया
इसके कुछ दिन बाद 5 अगस्त की रात ईस्टलैंड गुरुद्वारे की बाउंड्रीवॉल के पास तेंदुआ दोबारा दिखाई दिया। इस दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चिंता और बढ़ गई है। सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और रात में ड्यूटी से लौटने वाले कर्मचारियों में भी डर का माहौल है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
लोगों को बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और पालतू मवेशियों को सुरक्षित बाड़े में रखने की भी सलाह दी गई है। लगातार हो रही तेंदुए की मूवमेंट को देखते हुए क्षेत्रवासी जल्द से जल्द वन विभाग की कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
Tags
jabalpur
