दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये देने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट और चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अलमास अंसारी (18), निवासी मोमिनपुरा तलैया, मदीना मस्जिद के पीछे, गोहलपुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह फर्नीचर का काम करता है। वह अपने मोहल्ले के दोस्त सिफान अंसारी और समीर अंसारी के साथ एक्टिवा से मदनमहल स्टेशन रोड होते हुए नया मोहल्ला जा रहा था।
देर रात करीब 12:20 बजे, मदनमहल स्टेशन से पहले चौराहे के पास पीछे से सफेद रंग की एक्सिस पर सवार तीन युवक आए और चिल्लाते हुए उन्हें रुकने के लिए कहा। एक्टिवा रोकने के बाद आरोपियों में से एक ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर तीनों कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे।
अलमास ने गाली देने से मना किया तो कैप लगाए हुए एक युवक ने चाकू से हमला कर उसकी बाईं जांघ में चोट पहुंचा दी। इसके बाद तीनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर मदनमहल पुलिस ने धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
Tags
jabalpur
