Jabalpur News: नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने ढहाए दो मकान, कार्रवाई पर उठे सवाल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने मंगलवार सुबह ग्वारीघाट क्षेत्र के पोलीपाथर स्थित संतनगर की निहार एस्टेट कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए दो नवनिर्मित मकानों को जेसीबी मशीनों से ढहा दिया। निगम प्रशासन कॉलोनी को अवैध बता रहा है, जबकि प्रभावित परिवारों ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए अधिकारियों पर मनमानी के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता पांच जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ निहार एस्टेट पहुंचा। कई घंटे चली कार्रवाई के दौरान रिशिका और मुकेश रजक के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

मकान मालिकों का कहना है कि उनके मकान पूरी तरह वैध हैं और उनके पास स्वीकृत नक्शे सहित आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। उनका आरोप है कि कार्रवाई से पहले उन्होंने ये दस्तावेज नगर निगम अधिकारियों को दिखाए, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें नजरअंदाज करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में मकान गिरा दिए।

पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई का लिखित आदेश और नोटिस दिखाने की मांग की थी, लेकिन उन्हें कोई आदेश नहीं दिखाया गया और न ही उनकी बात सुनी गई। प्रभावित परिवारों का कहना है कि बिना उचित प्रक्रिया अपनाए की गई इस कार्रवाई से उनका सब कुछ उजड़ गया। रिशिका ने कहा कि देखते ही देखते उनके सपनों का घर मलबे में तब्दील हो गया।

हालांकि, इस मामले में नगर निगम का कहना है कि संबंधित कॉलोनी अवैध है और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post