परिसीमन विधेयक पर विशेष सत्र की तैयारी, संसद में विपक्ष का हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए 16 से 18 अगस्त तक संसद का विशेष सत्र बुला सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को संसद परिसर में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से करीब 50 मिनट तक बैठक कर इस मुद्दे पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि सरकार ने विधेयक पर सहयोग मांगा, जबकि कांग्रेस ने पहले राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग रखी।

इस बीच संसद परिसर में विपक्षी दलों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, महुआ मोइत्रा, सुप्रिया सुले और अन्य नेताओं ने गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने दानपेटी रखकर प्रतीकात्मक विरोध भी जताया।

संसद के दोनों सदनों में इन मुद्दों को लेकर लगातार हंगामा जारी है। विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान और जवाब की मांग कर रहा है। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह अपने आवास पर 37 भाजपा और सहयोगी दलों के सांसदों के साथ नाश्ता बैठक की। वहीं लोकसभा की कार्यवाही दोपहर में दोबारा शुरू होने के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post