दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लार्डगंज क्षेत्र से तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देसी कट्टे, तीन कारतूस और ₹3,020 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी दीपक जाटव जीरो डिग्री के पास पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दीपक जाटव (36), निवासी सुखसागर, ग्वारीघाट को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में एक कारतूस लोड था।
पूछताछ में दीपक ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों आकाश पटेल और आनंद चौधरी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करता है। उसने बताया कि दो माह पहले छोटू चौबे नामक व्यक्ति से दो पिस्टल, चार कट्टे और कारतूस खरीदे थे, जिनमें से कुछ हथियार बेच दिए गए हैं।
दो और आरोपी भी हथियारों सहित गिरफ्तार
दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ देर बाद उसके दोनों साथियों आकाश पटेल (31), निवासी दत्त मंदिर के पास, लार्डगंज और आनंद चौधरी (29), निवासी चौधरी मोहल्ला, हनुमानताल को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक-एक देसी कट्टा, एक-एक कारतूस तथा नकदी बरामद हुई।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं। मुख्य आरोपी दीपक जाटव के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह भोपाल के हत्या के मामले में जमानत पर था और ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था। वहीं आकाश पटेल पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आनंद चौधरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज पुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा, प्रधान आरक्षक हेमराज तथा आरक्षक शुभम पटेल, हुलेश, पंकज और ऋषभ की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
.jpeg)
