दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी और दतिया का परिणाम मध्यप्रदेश की राजनीति में बदलाव का संदेश देगा। पटवारी ने दतिया की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मां पीतांबरा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है।
प्रेस वार्ता के दौरान जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सरकार के अहंकार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ओबीसी, एससी-एसटी और गरीब वर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करती। साथ ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर कुशवाह समाज के अपमान और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर बघेल समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए दोनों से सार्वजनिक माफी की मांग की।
पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के लोगों पर दर्ज मामलों को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इन मामलों की समीक्षा कर मुकदमे वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पुलिस की कथित मनमानी के खिलाफ आंदोलन करेगी।
मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर पटवारी ने कहा कि उनका का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ना है। दतिया में कांग्रेस की जीत होती है तो इसे प्रदेश की मोहन सरकार के खिलाफ जनता के स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जाएगा। साथ ही उन्होंने मतगणना के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की।
Tags
madhya pradesh
