दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। Gen Z को लेकर दिए गए अपने हालिया बयान पर सोशल मीडिया में जारी विवाद के बीच अभिनेत्री और कंगना रनौत ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा है कि किसी कलाकार को उसके फिल्मी किरदारों के आधार पर जज करना गलत है। उन्होंने लोगों से रील और रियल लाइफ के बीच का फर्क समझने की अपील की।
दरअसल, कंगना के Gen Z संबंधी बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों के कई पुराने किरदारों की तस्वीरें और वीडियो वायरल किए गए। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाने वाली कंगना युवाओं की सोच और व्यवहार पर टिप्पणी कैसे कर सकती हैं।
इन आलोचनाओं के जवाब में कंगना ने संसद में दिए गए अपने एक पुराने भाषण का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि फिल्मों में निभाया गया किरदार किसी अभिनेता की निजी सोच, विचारधारा या वास्तविक जीवन का प्रतिबिंब नहीं होता। अभिनय एक पेशा है, जिसमें कलाकार कहानी और किरदार की मांग के अनुसार अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हैं।
कंगना ने यह भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर फिल्मी किरदारों और कलाकार की निजी सोच को एक जैसा बताकर युवाओं के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, फिल्मों का उद्देश्य मनोरंजन करना होता है, न कि दर्शकों को वही व्यवहार अपनाने का संदेश देना।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी अभिनेता के व्यक्तिगत विचारों पर बहस की जा सकती है, लेकिन उसके ऑन-स्क्रीन किरदारों को उसकी वास्तविक पहचान मानना उचित नहीं है।
कंगना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। जहां उनके समर्थक अभिनय और निजी जीवन को अलग मानने की बात कह रहे हैं, वहीं आलोचक अब भी उनके Gen Z संबंधी बयान पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tags
national
