Jabalpur News: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर, चुनावी हलफनामे में 100 करोड़ की संपत्ति छिपाने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री एवं सागर जिले की सुरखी विधानसभा सीट से विधायक गोविंद सिंह राजपूत के खिलाफ चुनावी हलफनामे में कथित रूप से संपत्ति छिपाने के आरोपों को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। मामले में 4 अगस्त को एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रदीप मित्तल की खंडपीठ सुनवाई करेगी।

सागर जिले के रहली निवासी राजकुमार सिंह द्वारा दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि गोविंद सिंह राजपूत ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग को सौंपे गए शपथपत्र में अपनी सभी संपत्तियों का खुलासा नहीं किया और करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति का उल्लेख नहीं किया।

याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि इस संबंध में 21 मार्च 2025 को निर्वाचन आयोग में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया। याचिका में मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

बताया गया है कि याचिकाकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत सुनवाई के दौरान पक्ष रखेंगे। फिलहाल मामले में आरोपों पर न्यायालय द्वारा कोई निष्कर्ष नहीं दिया गया है और अब 4 अगस्त को प्रारंभिक सुनवाई में आगे की कार्यवाही तय होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post