प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत; 15 झुलसे

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) प्रयागराज/कौशांबी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में करीब दोपहर 12:30 बजे हुए धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 2 बच्चे शामिल हैं, जबकि 15 लोग झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई और आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।

घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद पटाखों में लगातार धमाके होते रहे और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। मोहम्मदपुर गांव प्रयागराज बॉर्डर पर स्थित है और यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब 2 किलोमीटर दूर है।

50 मीटर के दायरे में कई मकान क्षतिग्रस्त

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट से फैक्ट्री के आसपास 5 से 7 मकानों को नुकसान पहुंचा है। कुछ मकान पूरी तरह ढह गए। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते पुलिस, प्रशासन और एयरफोर्स की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। मलबा हटाने के लिए 8 से 10 बुलडोजर मौके पर लगाए गए हैं।

चारपाई पर घायलों को लेकर भागे ग्रामीण

विस्फोट के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने झुलसे लोगों को चारपाई पर लादकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद घायलों को पिकअप वाहनों से स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज (SRN) ले जाया गया। अस्पताल में घायलों की संख्या बढ़ने के बाद अतिरिक्त स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई।

मृतकों में 13 साल का प्रवीण और 5 साल की प्रियांशी

हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों में दो बच्चे प्रवीण (13) और प्रियांशी (5) भी शामिल हैं। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

बच्ची बोली- मैं बाहर निकल गई, मम्मी और भाई दब गए

हादसे में बची एक बच्ची ने बताया कि घर में वह, उसका छोटा भाई और मां मौजूद थे। विस्फोट के बाद घर ढह गया और वह किसी तरह बाहर निकल गई, लेकिन उसकी मां और भाई मलबे में दब गए। एक महिला ने भी बताया कि उसकी बेटी-दामाद और नाती-नातिन समेत परिवार के पांच लोग मलबे में दबे हैं।

डीएम और एडीजी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कौशांबी के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। अब तक बाहर निकाले गए घायलों में कई को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें SRN मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

एडीजी ज्योति नारायण भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। अधिकारियों से हादसे की जानकारी लेकर उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब विस्फोट के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post