देशभर में मानसून का कहर: केरल-कर्नाटक में 11 की मौत, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केरल में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग अब भी लापता हैं। राज्य सरकार ने 209 राहत शिविर स्थापित कर करीब 5,800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय परिवार अपने घर में सो रहा था।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और केदारनाथ मार्ग पर लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने से सड़कें बाधित हो गई हैं। इससे कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा पर भी असर पड़ा है।

राजस्थान के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। अजमेर सहित कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद फ्लैश फ्लड से कई मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है।

दूसरी ओर, तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लंबे समय से बारिश नहीं होने और जल संकट गहराने के कारण करीब 2,000 लोगों ने विशेष नमाज (सलात अल-इस्तिस्का) अदा कर बारिश की दुआ मांगी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post