दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग आयुषी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसकी मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पसंद की शादी को लेकर चल रहे विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी आयुषी
पुलिस के मुताबिक आयुषी अपनी मां के साथ घरों में काम करती थी। परिवार में उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। बताया जा रहा है कि आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां कमला बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से करवाना चाहती थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
विवाद के बाद गला घोंटने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार 26 अगस्त को शादी की बात को लेकर घर में विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान कमला और उसके भाई विजय राय ने आयुषी का दुपट्टे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस घटना के पूरे क्रम और दोनों आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार की थी तैयारी
आयुषी की मौत के बाद परिजन कथित तौर पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
PM रिपोर्ट से सामने आया गला घोंटने का मामला
29 अगस्त की शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिली, जिसमें गला घोंटने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पिपलानी पुलिस ने रविवार तड़के मां कमला और मामा विजय राय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आरोपियों की भूमिका और शव का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में किए जाने के प्रयास समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पसंद की शादी को लेकर विवाद हत्या की वजह था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगा।
Tags
madhya pradesh
