दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-719 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेपाल से पुणे जा रही स्लीपर बस की एलपीजी सिलेंडर से लदे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।
हादसा गोहद चौराहे के पास बंजारे का पुरा इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, एलपीजी सिलेंडर से लदा ट्रक आगे चल रहे ट्रॉला को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बस से ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे से बचने के लिए ट्रॉला चालक ने वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे ट्रॉला पलट गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस का ड्राइवर केबिन में फंस गया था, जिसे आसपास के ग्रामीणों ने बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस पहुंचने में देरी का दावा किया
प्रत्यक्षदर्शी और रिटायर्ड फौजी नवल सिंह भदौरिया ने बताया कि वे बाइक से बस के कुछ मीटर पीछे चल रहे थे। उनके मुताबिक, हादसे के करीब 30 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
उन्होंने बताया कि ट्रॉला चालक ने समय रहते वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया। अगर ट्रॉला सड़क पर ही रहता, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
