PM मोदी से मिले सुखबीर बादल, पंजाब में फिर साथ आ सकते हैं अकाली दल-BJP; केजरीवाल ने कसा तंज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार सुबह दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति में अकाली दल और भाजपा के बीच एक बार फिर गठबंधन की अटकलें तेज हो गई हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब चार-पांच महीने का समय बचा है, ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

केजरीवाल ने कसा तंज

मोदी और सुखबीर बादल की मुलाकात पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा, “ना ना करते प्यार तुम्हीं से कर बैठे…” इसके साथ ही उन्होंने दोनों दलों के संभावित गठबंधन को लेकर सवाल उठाया।

केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुखबीर बादल ने AAP सरकार पर पंजाब में अवैध खनन को लेकर निशाना साधा और उसके पुराने दावों पर सवाल उठाए।

25 साल चला था अकाली-BJP गठबंधन

अकाली दल और भाजपा का गठबंधन वर्ष 1996 में हुआ था, जो करीब 25 वर्षों तक चला। दोनों दलों ने मिलकर 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में सरकार बनाई।

2012 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन ने 68 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की थी। पंजाब के राजनीतिक इतिहास में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की यह बड़ी उपलब्धि थी।

2020 में टूट गया था गठबंधन

कृषि कानूनों को लेकर वर्ष 2020 में अकाली दल और भाजपा का गठबंधन टूट गया। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरे और दोनों ही पार्टियां सिंगल डिजिट में सिमट गईं।

वहीं, आम आदमी पार्टी ने 2022 में बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाई।

फिर गठबंधन हुआ तो बदलेगा पंजाब का सियासी समीकरण

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अगर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा दोबारा साथ आते हैं, तो पंजाब में चुनावी समीकरण काफी बदल सकता है। दोनों दलों का अलग-अलग क्षेत्रों में पारंपरिक जनाधार रहा है—अकाली दल की ग्रामीण और पंथक क्षेत्रों में पकड़, जबकि भाजपा की शहरी मतदाताओं के बीच मजबूत उपस्थिति रही है।

ऐसे में दोनों पार्टियों के दोबारा साथ आने से AAP और कांग्रेस के सामने चुनौती बढ़ सकती है और पंजाब का चुनावी मुकाबला एक बार फिर नए राजनीतिक समीकरणों के साथ देखने को मिल सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post