MP News: डीजल चोरी के शक में चालकों को बंधक बनाकर पीटा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शहडोल। शहडोल के बुढार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में वाहन चालकों को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालकों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी संचालकों और उनके साथियों पर डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

पीड़ितों के अनुसार, उनसे डीजल चोरी की बात कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया और इसी दौरान पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया। आरोप है कि उनसे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी लिए गए।

शिकायत के मुताबिक, उमरिया जिले के राघोपुर निवासी वाहन चालक इरशाद मोहम्मद अपने साथी मुस्तकीम मोहम्मद, सुनील रैदास, रजनीश काछी, शाहिद उर्फ पड़ा समेत अन्य चालकों के साथ बुढार स्थित हिंद ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचे थे। कंपनी मारुति नंदन पेट्रोल पंप के सामने संचालित बताई गई है।

पीड़ितों का आरोप है कि वहां मौजूद संचालकों और उनके साथियों ने सभी चालकों को एक कमरे में बंद कर दिया और डीजल चोरी की बात स्वीकार करने के लिए मारपीट की।

पीड़ितों ने अब्दुल शफीक खान उर्फ अब्दुल्ला, अब्दुल रफीक खान उर्फ बब्लू, अमित गुप्ता, अंजी, जयंत जामवानी, निखिल सेन समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इसी डर के चलते उन्होंने तत्काल शिकायत नहीं की।

घटना का वीडियो गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ितों ने बुढार थाने में शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच के साथ सुरक्षा की मांग की।

बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि चालकों की शिकायत प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो की सत्यता और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post