दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सारंगपुर (राजगढ़)। राजगढ़ जिले के सारंगपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ईको वैन नाले में बह गई। हादसे में 3 बच्चों, 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। घटना पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास करीब सुबह 9:30 बजे हुई।
पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार सभी लोग देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव के रहने वाले थे और कड़लावद गांव जा रहे थे। पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट का पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान ड्राइवर मुकेश सिंह ने पानी में डूबी सड़क से वाहन आगे बढ़ा दिया और ईको वैन नाले में बह गई।
ग्रामीणों ने रोका, फिर भी पानी में उतारी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के अनुसार, पुल पर पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों ने ड्राइवर को रोककर आगे पानी होने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ाया गया। सड़क पर रेलिंग नहीं होने के कारण वैन नाले में जा गिरी।
हादसे में बचे मुकेश और हुकुम सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुकेश ने बताया कि वे सतवास के पास धांसड़ गांव से अपनी काकी को इलाज के लिए कनावड़ धाम ले जा रहे थे। पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया था और वे करीब 15 मिनट तक रुके भी थे। बाद में जल्द पहुंचने के दबाव में उन्होंने गाड़ी पानी में उतार दी।
करीब 6 घंटे चला रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे। SDERF की टीम ने करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। क्रेन की मदद से ईको वैन को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन वाहन के अंदर कोई शव नहीं मिला। बाद में नाले से सभी शव बरामद कर सारंगपुर अस्पताल पहुंचाए गए।
हादसे में इनकी मौत
- शंकर सिंह (50)
- सागरबाई, पत्नी शंकर सिंह
- रीनू (28), पत्नी हुकुम सिंह
- राजवीर (3), पिता हुकुम सिंह
- जसप्रीत, पिता हुकुम सिंह
- विशाल चौहान
- पूजा (27), पत्नी विशाल चौहान
- रिशिका
- आनंद सिंह
PWD ने कहा- लगाए गए थे डायवर्जन बोर्ड
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर पीके शर्मा ने बताया कि सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है और वहां डायवर्जन के बोर्ड लगाए गए हैं। उनके मुताबिक, हादसे के समय रास्ता पानी में डूबा हुआ था और ग्रामीणों ने भी वाहन चालक को आगे जाने से रोका था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
