दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को खरीदे गए समोसे में मरा हुआ कॉकरोच मिला। घटना के बाद युवक ने इसका वीडियो बनाया और मामले की शिकायत CM हेल्पलाइन तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से की।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को इंदौर के चिकमंगलूर चौराहे स्थित श्रम शिविर के पास पीयूष मौर्य बारिश से बचने के लिए रुके थे। इसी दौरान उन्होंने पास की दुकान से समोसा खरीदा। समोसे का एक टुकड़ा खाते ही उन्हें उसमें मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया।
पीयूष ने तुरंत समोसे का वीडियो बनाया और दुकानदार को इसकी जानकारी दी। युवक के अनुसार, दुकानदार ने इसे गलती से समोसे में आने की बात कही और कहा कि इंसान से गलती हो जाती है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर बहस भी हुई।
मामले के बाद युवक ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के सामने आने के बाद दुकान में खाद्य सामग्री की साफ-सफाई, रखरखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी माना जाता है। अब शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Tags
madhya pradesh
