दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश और निचले इलाकों में जलभराव को देखते हुए भोपाल, गुना और रायसेन में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। भोपाल में इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भी स्कूल बंद रखे गए थे। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित लोगों से बातचीत की। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 527 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से रेस्क्यू किया जा चुका है।
भोपाल में फिर तेज बारिश, सड़कों पर जलभराव
भोपाल में मंगलवार शाम और रात को तेज बारिश हुई। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। जेपी अस्पताल के पास करीब डेढ़ फीट पानी जमा होने से वाहन फंस गए और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। 7 नंबर बस स्टॉप समेत कई इलाकों में भी जलभराव रहा।
राजधानी में दो दिनों में करीब 8 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। करीब 200 मकानों में पानी घुसने की सूचना है। जलभराव के कारण कई रास्ते घंटों प्रभावित रहे। कुछ स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर और डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स में पानी पहुंचने के कारण सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी।
गुना में साढ़े 3 इंच बारिश
मंगलवार को गुना में 85 मिमी यानी करीब साढ़े 3 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। खंडवा में भी सवा दो इंच पानी गिरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में 9 इंच, खिलचीपुर में 8 इंच और जीरापुर में 7.7 इंच बारिश दर्ज हुई। वहीं आगर-मालवा के सोयतकलां में 7.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायसेन में सभी स्कूल बंद, पुल डूबे
भारी बारिश के बाद रायसेन जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। पगनेश्वर और जाखा के पास बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे पुल डूब गए हैं। कई इलाकों में पानी खेतों तक पहुंच गया।
सेमरा के पीएमश्री हाईस्कूल परिसर में कमर तक पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।
नर्मदापुरम में 48 घंटे में करीब 10 फीट बढ़ा नर्मदा का जलस्तर
लगातार बारिश के कारण नर्मदापुरम में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। सेठानी घाट पर जलस्तर 946.40 फीट तक पहुंच गया है। तवा डैम का जलस्तर भी करीब 8.5 फीट बढ़कर 1137.70 फीट हो गया है। फिलहाल तवा डैम के गेट नहीं खोले जाएंगे।
शिवपुरी में NH-46 पर पानी, स्कूल वैन फंसी
शिवपुरी में ककरवाया के पास NH-46 पर करीब एक फीट पानी भरने से जाम लग गया। वहीं न्यू पुलिस लाइन स्टेशन रोड पर पानी से भरे गड्ढे में स्कूली वैन फंस गई। वैन निकालने के लिए बच्चों ने टायर के नीचे पत्थर रखकर मदद की।
सीहोर में भी भीलाखेड़ी नदी के पास एक मकान में पानी भरने से एक ही परिवार के 10 लोग फंस गए। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
खरगोन में बांध के गेट खोले, 24 गांवों में अलर्ट
लगातार बारिश के कारण खरगोन के अपरवेदा बांध का जलस्तर बढ़ गया। बांध के दो गेट डेढ़-डेढ़ मीटर खोले गए हैं और करीब 340 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। निचले हिस्से के 24 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
बड़े तालाब और दूसरे डैम का जलस्तर बढ़ा
48 घंटे से जारी बारिश के कारण भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1663 फीट पहुंच गया है। कोलार, कलियासोत और केरवा डैम के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। नर्मदा के जलस्तर में वृद्धि के कारण इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डैम में भी पानी बढ़ रहा है। उमरिया के जोहिला और आगर-मालवा के कुंडालिया डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।
12 अगस्त के आसपास फिर बन सकता है लो प्रेशर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम के प्रभाव से करीब 12 अगस्त के आसपास एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। ऐसे में मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिन बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
Tags
madhya pradesh
