MP News: 400 CCTV खंगाले, मजदूर बनकर तलाश करती रही पुलिस; तीन सप्ताह बाद पालिका प्लाजा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। पालिका प्लाजा के पास 4 जुलाई को हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने करीब तीन सप्ताह बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, छह विशेष टीमें गठित कीं और इंदौर, उज्जैन, भोपाल, मंडीदीप तथा रायसेन में लगातार तलाश अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने मजदूर बनकर चौक-चौराहों और शराब दुकानों के आसपास भी गुप्त रूप से जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात पालिका प्लाजा के पास शराब पीने के दौरान हुए विवाद में आरोपी आशीष उर्फ चंदू, निवासी नादौर (रायसेन), ने महेश मालवीय पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर हत्या का मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में आरोपी की तस्वीर तो मिली, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। आरोपी के पास न मोबाइल फोन था और न ही सोशल मीडिया अकाउंट, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसके हुलिए और गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और मजदूर चौकों पर उसकी तलाश शुरू की।

करीब एक सप्ताह की जांच के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी का संबंध उज्जैन और रायसेन से है तथा वह भोपाल और मंडीदीप क्षेत्र में भी मजदूरी करता रहा है। पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर दिखाकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी पहचान आशीष उर्फ चंदू के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस रायसेन के नादौर गांव भी पहुंची, जहां आरोपी के माता-पिता से उसके बारे में जानकारी जुटाई गई। हालांकि उस समय भी आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी सामान्य कपड़ों में मजदूर बनकर विभिन्न मजदूर चौकों और शराब की दुकानों के आसपास बैठकर लोगों से गुप्त रूप से पूछताछ करते रहे।

आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भोपाल में देखा गया है और वहां से इंदौर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर इंदौर बायपास पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान कुछ अन्य सीसीटीवी फुटेज भी मिले, जिनमें आरोपी रेलवे स्टेशन के आसपास घूमता और एक महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post