दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया में एक युवती ने मुरैना निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और करीब डेढ़ लाख रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2024 में दतिया रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का भरोसा दिलाया। आरोप है कि नवंबर 2024 में आरोपी दतिया स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंचा, जहां उसने पहली बार शारीरिक संबंध बनाए और बिना जानकारी के अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में आरोपी इन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
बाद में युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा, मिलने का दबाव बनाता रहा और जान से मारने की धमकी देता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि मई 2026 में आरोपी ने 50 हजार रुपए की मांग की। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। बदनामी के डर से वह आरोपी को अब तक करीब डेढ़ लाख रुपए दे चुकी है।
परेशान होकर युवती अपने भाई के साथ कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेल, मारपीट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
