दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 766 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आज थाना खमरिया क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की सुजुकी एक्सिस स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर स्कूटी मोड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम शिवम केशरवानी (32) निवासी रानीताल लिंक रोड, गढ़ा फाटक, लार्डगंज और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हर्षित केशरवानी (31) निवासी नारियल गली, नारियल मंडी, बड़ा फुहारा, लार्डगंज बताया।
दो बैगों से मिला गांजा
पुलिस ने स्कूटी के पैरदान में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग और नीले रंग के अमेरिकन टूरिस्टर बैग की तलाशी ली। दोनों बैगों में कुल 7 पैकेट मिले, जिनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ था। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 12 किलो 766 ग्राम निकला।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गांजा संबलपुर, ओडिशा में अज्ञात दुकानदारों से खरीदा था और बैग में रखकर ट्रेन के जरिए लाए थे।
स्कूटी भी जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 766 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है, के साथ परिवहन में इस्तेमाल की गई सुजुकी एक्सिस क्रमांक MP 20 ZY 5832 भी जब्त की है।
Tags
jabalpur

