Jabalpur News: स्कूलों के आसपास सरप्राइज चेकिंग, पुलिस ने नाबालिग को चाइना चाकू के साथ पकड़ा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। स्कूलों की छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रांझी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को कथित तौर पर अवैध चाइना चाकू के साथ पकड़ा है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्कूलों के आसपास सुबह से विशेष निगरानी और गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर दुपहिया वाहन सवार तीन लड़कों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें एक नाबालिग के पास से चाकू बरामद होने की बात सामने आई।

पूछताछ में नाबालिग ने खुद को मानेगांव, रांझी क्षेत्र का निवासी बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

चाकू कहां से आया, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग के पास चाकू कहां से आया और उसके पास इसे रखने का उद्देश्य क्या था। साथ ही पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरप्राइज चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post