Jabalpur News: बड़कुल स्वीट्स में मिले सड़े मोमोज व फफूंद, संचालक पर FIR; ब्लिंकिट स्टोर से 16 किलो घी जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में दूषित और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगर निगम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान नियमों और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर एक रेस्टोरेंट संचालक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि अन्य प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया।

बड़कुल स्वीट्स में मिली गंदगी, सड़े मोमोज नष्ट

दीनदयाल चौक स्थित बड़कुल स्वीट एवं रेस्टोरेंट के निरीक्षण में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आईं। टीम को डीप फ्रीजर में फफूंद लगी मिली, जिसमें करीब 100 सड़े हुए मोमोज और 5 किलो शेजवान चटनी रखी थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नमूने लेने के बाद दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया।

लाइसेंस शर्तों के गंभीर उल्लंघन पर नगर निगम मजिस्ट्रेट के निर्देश से रेस्टोरेंट संचालक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

ब्लिंकिट के डार्क स्टोर से 16 किलो घी जब्त


उखरी तिराहा स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के डार्क स्टोर में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच की। यहां पूजा घी के पैकेट बिक्री के लिए रखे मिले। अधिकारियों ने मैनेजर की मौजूदगी में घी का नमूना लिया और 16 किलोग्राम घी जब्त कर लिया। संदेह के आधार पर अमूल बटर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

राज डेयरी पर 3 हजार रुपये का जुर्माना

संयुक्त टीम ने विजय नगर स्थित राज डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से पनीर और शुद्ध घी के नमूने लिए गए। नियमों के उल्लंघन पर डेयरी संचालक पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

भोपाल भेजे जाएंगे सभी सैंपल


खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post