दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के थाना हनुमानताल अंतर्गत भानतलैया बकरा मार्केट में शराब के लिए पैसे न देने पर एक नाबालिग व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने की वारदात सामने आई है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने के लिए मांगे थे 500 रुपये
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंधी कैंप, हरदौल मंदिर के पीछे रहने वाले 16 वर्षीय अनमोल खटीक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता बकरी खरीदने-बेचने का काम करते हैं, जिसमें वह भी उनका हाथ बंटाता है। सोमवार, 17 अगस्त 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे वह भानतलैया स्थित बकरा मार्केट में खड़ा था। उसी दौरान भानतलैया निवासी मयंक वहां पहुंचा और उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा।
मना करने पर किया चाकू से वार
जब अनमोल ने पैसे देने से साफ इंकार किया, तो आरोपी मयंक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे अनमोल की कमर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट आई। वारदात के दौरान मौके पर मौजूद विशाल खटीक और कुनाल खटीक ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मयंक जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला।
मामला दर्ज, जांच जारी
घटना के बाद पीड़ित ने हनुमानताल थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मयंक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296(b) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
