Jabalpur News: सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 29 लाख की ठगी, शिक्षिका गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगारों से लाखों रुपये की ठगी के मामले में घमापुर पुलिस ने एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घमापुर निवासी राखी बंशकार और विदिशा में पदस्थ सहायक शिक्षक गिरजेश सिंह राजपूत कथित तौर पर मिलकर बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे और उनसे मोटी रकम लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, सिद्धबाबा शिवशक्ति मंदिर क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय अभिनव सेन बीएड का छात्र है और राखी के बच्चों को घर जाकर ट्यूशन पढ़ाता था। इसी दौरान राखी ने उसकी मुलाकात गिरजेश से कराई। आरोप है कि गिरजेश ने नेताओं और अधिकारियों से अपनी पहचान होने तथा पहले भी कई लोगों की नौकरी लगवाने का दावा किया।

इसके बाद गिरजेश ने अभिनव को जबलपुर कलेक्ट्रेट में ग्रेड-1 पद पर भर्ती निकलने की जानकारी देकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। पुलिस के अनुसार, इस नाम पर अभिनव से 3 लाख 52 हजार रुपये लिए गए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी।

जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपितों ने अन्य लोगों से भी नौकरी के नाम पर रकम ली थी। पुलिस के अनुसार, अस्मिता बंसल, मोहनीश बंसल, रजनीश बंसल सहित अन्य लोगों से कुल करीब 29 लाख रुपये लिए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि रकम दोनों के बीच बांट ली जाती थी।

पुलिस ने पहले गिरजेश सिंह राजपूत को विदिशा से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान राखी बंशकार की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब दोनों आरोपितों से जुड़े अन्य लोगों, ठगी के शिकार हुए लोगों और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद मंगलवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post