Jabalpur News: दो शातिर झपटमार और वाहन चोर गिरफ्तार, आईफोन समेत 5 मोबाइल और 2 ई-रिक्शा बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में लूट, झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानताल थाना पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से झपटा गया एक आईफोन, पांच मोबाइल फोन, चोरी के दो ई-रिक्शा, एक एक्सिस वाहन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में झपटमारी और वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ कंजा पिता मुकीम खान (25), निवासी दरगाह के पास टेढ़ी नीम, बाबा टोला, हनुमानताल तथा अविनाश चौधरी पिता गेंदालाल चौधरी (22), निवासी फकीर चंद अखाड़ा के पास, विंध्यवासिनी मंदिर के सामने, सिंधी कैंप, हनुमानताल के रूप में हुई है।

मुखबिर की सूचना पर कब्रिस्तान में दबिश


पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि समीर उर्फ कंजा और अविनाश मदार टेकरी कब्रिस्तान के अंदर बजूखाना के पास खड़े हैं और उनके पास कई मोबाइल फोन हैं, जो चोरी या झपटमारी के हो सकते हैं। सूचना पर हनुमानताल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

बजूखाना के सामने पुलिस को एक एक्सिस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी पहचान समीर उर्फ कंजा और अविनाश चौधरी के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर समीर के पास एक आईफोन सहित दो मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में उसने अपने साथी अविनाश के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर मोबाइल झपटने की वारदातें करना स्वीकार किया।

वहीं अविनाश के कब्जे में एक्सिस वाहन की डिक्की से रेडमी, सैमसंग और वीवो कंपनी के तीन मोबाइल फोन मिले। एक्सिस वाहन के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने मिलकर घोड़ानक्कास के पास से पिछले वर्ष इसे चोरी करना स्वीकार किया।

धमापुर और कृषि उपज मंडी में भी झपटमारी


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने धमापुर क्षेत्र से आईफोन तथा कृषि उपज मंडी क्षेत्र से तीन मोबाइल फोन झपटमारी करना स्वीकार किया। इसके अलावा दोनों ने ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चोरी करने की बात भी पुलिस को बताई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेडएस 2657 तथा नीले रंग का ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेडयू 2115 बरामद किया। इसके साथ ही बिना नंबर का एक्सिस वाहन, झपटे गए पांच मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडएस 2730 भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार समीर उर्फ कंजा आपराधिक प्रवृत्ति का आरोपी है। उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ, चोरी सहित करीब 14 अपराध पूर्व से पंजीबद्ध होना बताया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस अवसर थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली एवं विनीत श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post