Jabalpur News: 11 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख का गांजा जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने देर रात घेराबंदी करते हुए दो गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 11 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि आयुर्वेदिक कॉलेज ग्वारीघाट स्टेशन के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गांजे की बड़ी खेप लेकर किसी स्थानीय खरीदार का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ग्वारीघाट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय मनीष कोरी (निवासी गोरखपुर, गुरुद्वारे के पीछे) और 52 वर्षीय मदन विश्वकर्मा (निवासी कटड़ा मोहल्ला, पाटन) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी गांजे की यह खेप संभवतः गोंदिया की ओर से आने वाली ट्रेन के जरिए जबलपुर लेकर आए थे। बारिश की वजह से आरोपी स्टेशन के पास स्थित एक टपरी की आड़ में छिपकर खड़े थे और अपने खरीदार के आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सप्लायर और स्थानीय खरीदार का पता लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post