दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय इमारत में PG संचालित हो रहा था और बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। संकरी गली होने के कारण रेस्क्यू टीम को मलबा हटाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। मलबे में कुछ वाहन भी दब गए हैं।
मलबे में फंसे युवक ने दोस्त को किया फोन
हादसे के बाद मलबे में फंसे एक युवक ने अपने दोस्त को फोन कर मदद मांगी। उसने फोन पर कहा कि वह मलबे में दबा हुआ है और उसे बचाया जाए। इसके बाद स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने उसकी तलाश शुरू की।
10-15 छात्रों के रेस्क्यू का दावा
DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने बताया कि करीब 10-15 छात्रों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कुछ लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। मौके पर NDRF, दमकल विभाग और आपदा राहत टीमें पहुंच चुकी हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।
एम्स ट्रॉमा सेंटर में 4 लोग पहुंचे
एम्स ट्रॉमा सेंटर के मुताबिक हादसे से जुड़े 4 मरीज लाए गए। इनमें एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया, दो की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि एक बचावकर्मी को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
बेसमेंट निर्माण समेत ये वजहें सामने आईं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे की संभावित वजहों में बेसमेंट के लिए खुदाई, कमजोर पिलर, निर्माण के दौरान ढांचे में बदलाव और पहले से कमजोर इमारत शामिल हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
Tags
national
