दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में एक मीडियाकर्मी पर कथित हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो नकाबपोश युवक बाइक से मीडियाकर्मी का पीछा करते और उनके वाहन को कट मारते नजर आ रहे हैं। मीडियाकर्मी ने दावा किया है कि पीछे बैठे युवक के हाथ में चाकू था।
मीडियाकर्मी शमीम खान के मुताबिक, घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। वह अपने बेटे को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे। बड़ी ज्यारत क्षेत्र में शिवहरे क्लीनिक के पास आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की।
शमीम खान का आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने चाकू से हमला करने का प्रयास किया। हथियार देखकर उन्होंने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद आरोपियों ने काफी दूर तक उनका पीछा किया और बाइक से कट मारकर उन्हें गिराने की कोशिश की। उन्होंने किसी तरह वाहन का संतुलन संभाला और मौके से निकल गए।
घटना के बाद शमीम खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। करीब एक घंटे बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत दी। पुलिस ने CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि दो बाइक सवारों द्वारा मीडियाकर्मी पर हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोगों को चिन्हित किया गया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
वहीं, SDOP चंचलेश मरकाम ने कहा कि यदि आरोपियों के पास से कोई धारदार हथियार बरामद होता है तो मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
