दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र की फारच्यून हेरीटेज कॉलोनी में मंगलवार रात एक युवक ने गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद जमकर हंगामा किया। युवक रेंट पर ली गई थार से तेज रफ्तार में कॉलोनी में घुसा और मुख्य गेट तोड़ते हुए सड़क पर खड़ी कई कारों को टक्कर मार दी। घटना में 6 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। बुधवार शाम सामने आए CCTV फुटेज में थार तेज रफ्तार से कॉलोनी में दौड़ती और एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। बेकाबू थार को देखकर सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने समय रहते हटकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गेट बंद करने की कोशिश नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुरक्षा गार्डों ने युवक को रोकने और कॉलोनी का गेट बंद करने की कोशिश की, लेकिन उसने थार से गेट को टक्कर मारकर तोड़ दिया और अंदर घुस गया। इसके बाद उसने कई खड़ी कारों को टक्कर मार दी।
गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद निकाला गुस्सा
बताया जा रहा है कि युवक का अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद हुआ था। विवाद के बाद कॉलोनी के लोगों ने उसे फटकार लगाई थी। इसी से नाराज होकर युवक रेंट पर थार लेकर दोबारा कॉलोनी पहुंचा और गुस्से में बेकाबू तरीके से वाहन चलाते हुए जमकर तोड़फोड़ की।
रहवासी की शिकायत पर FIR
घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि युवक के इस तरह वाहन चलाने से लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। कॉलोनी निवासी कमल सिंह सोलंकी की शिकायत पर मिसरोद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है।
अभी गिरफ्तारी नहीं, पुलिस जांच जारी
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि थार कहां से किराए पर ली गई थी और क्षतिग्रस्त वाहनों को कितना नुकसान हुआ है।
Tags
madhya pradesh
