दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। साउथ तोड़ा इलाके में बुधवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। भीड़ को पीछे हटाने के दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया। धक्का लगने से ADCP का संतुलन बिगड़ गया और वे पीठ के बल जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल युवक को पकड़ लिया।
मौके से कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सामान निकालने को लेकर महिलाओं से हुआ विवाद
नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं पुलिसकर्मियों से सामान बाहर निकालने के लिए समय देने की मांग को लेकर बहस करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि नोटिस में उन्हें सुबह 9 बजे तक का समय दिया गया था।
विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल से घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ADCP दिशेष अग्रवाल भीड़ को पीछे हटाने लगे। इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
ADCP के गिरते ही पुलिसकर्मियों ने धक्का देने वाले युवक को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक सहित कुछ और लोगों को भी अभिरक्षा में लिया गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों द्वारा युवकों के साथ मारपीट और थप्पड़ मारते हुए भी देखा जा रहा है।
ADCP दिशेष अग्रवाल के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर 80 से ज्यादा पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात थे।
100 से ज्यादा निगम कर्मचारी और भारी मशीनरी पहुंची
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की टीम 100 से ज्यादा कर्मचारियों, 3 पोकलेन और 6 जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची थी। निगम के अधिकारियों के अनुसार, पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे और टेप से नपती कर अवैध निर्माण को चिन्हित किया गया था।
झोन-11 के झोनल अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 50 शेड और कुछ मकानों के अवैध हिस्से हटाए गए। क्षेत्र में सड़क निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)