दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षकों के 7,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट का चयन करना होगा। जिस यूनिट में नियुक्ति मिलेगी, वहां कम से कम 5 साल की सेवा करना अनिवार्य होगा। पांच साल की सेवा पूरी होने के बाद ही दूसरी यूनिट में स्थानांतरण का अवसर मिलेगा।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थी को यह भी स्पष्ट करना होगा कि वह आरक्षक (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) अथवा आरक्षक विशेष सशस्त्र बल (SAF) के पद के लिए आवेदन कर रहा है।
भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति शासकीय रेल पुलिस (GRP) इंदौर, जबलपुर और भोपाल सहित विभिन्न इकाइयों में भी की जाएगी।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का आधार-इनेबल्ड बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यदि परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित होती है, तो अलग-अलग शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर को ध्यान में रखते हुए अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
पुलिस आरक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर है। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले भर्ती नियमों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
Tags
madhya pradesh
