Jabalpur News: लोन रिकवरी के लिए पहुंचे बैंक मैनेजर पर हमला, मुक्का मारकर नाक फोड़ी; 16 हजार रुपए लूटने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
सदर क्षेत्र में गोल्ड लोन की बकाया किश्तों की रिकवरी और नोटिस देने पहुंचे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर पर कर्जदार और उसके साथियों ने हमला कर दिया। मारपीट में मैनेजर की नाक पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। मैनेजर ने आरोप लगाया कि हमलावर उसके पास रखे 16 हजार रुपए भी लेकर फरार हो गए। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सदर गली नंबर-9 निवासी सतीश अग्रवाल ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सदर शाखा से सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था। लोन की किश्तें बकाया होने पर बैंक की ओर से कई बार नोटिस और मैसेज भेजकर भुगतान करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद किश्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा था।

मंगलवार शाम यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर मनीष संज्ञा लोन की रिकवरी और नोटिस देने सतीश अग्रवाल के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने बकाया किश्तों के भुगतान को लेकर बातचीत की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सतीश अग्रवाल और उसके साथियों ने मैनेजर के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मैनेजर के मुताबिक, आरोपियों ने उनके चेहरे पर मुक्का मारा, जिससे नाक में चोट लग गई और खून बहने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 16 हजार रुपए छीन लिए। घटना के बाद मैनेजर कैंट थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।

घटना की जानकारी मिलते ही बैंक के अन्य कर्मचारी भी कैंट थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान बैंक अधिकारी पर हमला गंभीर मामला है। बैंक अधिकारियों का एक दल इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेगा।

बैंक कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि सतीश अग्रवाल ने बैंक से गोल्ड लोन लिया था और उसकी किश्तें बकाया थीं। इसी सिलसिले में बैंक मैनेजर नोटिस देने और भुगतान के संबंध में बात करने पहुंचे थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई।

कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि बैंक मैनेजर मनीष संज्ञा लोन लेने वाले सतीश अग्रवाल को नोटिस देने पहुंचे थे। वहां उनके साथ मारपीट हुई, जिससे उनकी नाक पर चोट आई है। मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी सतीश अग्रवाल और उसके साथियों की तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post