Jabalpur News: शराब दुकान से 60 हजार रुपए मांगने के आरोप में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पर FIR

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर क्षेत्र की शराब दुकानों से कथित तौर पर रुपए मांगने और रकम नहीं देने पर दबाव बनाने के आरोप में गढ़ा पुलिस ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शराब दुकान संचालक निखिल सोनी की शिकायत पर पुलिस ने 22 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पहले तीन शराब दुकानों के लिए कुल 20 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाते थे, लेकिन अब प्रत्येक दुकान से 20-20 हजार रुपए यानी कुल 60 हजार रुपए प्रतिमाह मांगे जा रहे थे। आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर दुकान के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया और दुकान बंद कराने की धमकी दी गई।

तीन साल से रुपए देने का आरोप

निखिल सोनी ने पुलिस को बताया कि शास्त्री नगर निवासी अभिषेक पाठक खुद को कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष बताते हैं। पिछले करीब तीन वर्षों से अलग-अलग मौकों पर उन्हें प्रतिमाह 20 हजार रुपए दिए जा रहे थे। सितंबर से तीनों दुकानों के लिए अलग-अलग 20 हजार रुपए की मांग की गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने से मना करने के बाद अभिषेक पाठक अपने साथियों के साथ शराब दुकान के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान दुकानों से अवैध और नकली शराब बेचने के आरोप भी लगाए गए। शिकायत में दुकान बंद कराने और लाखों रुपए के नुकसान की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

अभिषेक पाठक ने आरोपों से किया इनकार

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो को काट-छांटकर पेश किया गया है। ऑडियो में 40 हजार रुपए की जो बात है, वह शराब दुकान के किराए को लेकर हुई बातचीत से संबंधित है, न कि किसी अवैध वसूली से। पाठक के अनुसार, शराब दुकान संचालक दुकान का किराया कम दे रहे थे और इसी को लेकर उनसे बातचीत हुई थी। उन्होंने शराब दुकानों से अवैध रूप से रुपए वसूलने के आरोप से इनकार किया है।

गढ़ा पुलिस ने अभिषेक पाठक के खिलाफ धारा 308(2) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में घटना की अवधि 25 अप्रैल से 22 सितंबर 2026 बताई गई है। पुलिस शिकायतकर्ता के बयान, कथित ऑडियो-वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post