MP News: कुएं में मिला 20 वर्षीय युवती का शव, सुबह घर से निकली थी आयुषी, खेत के पास मिला दुपट्टा; जांच जारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) टीकमगढ़। जतारा थाना क्षेत्र के लार खुर्द गांव में मंगलवार शाम एक 20 वर्षीय युवती का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आयुषी बिदुआ के रूप में हुई है। आयुषी सुबह करीब 9 बजे घर से निकली थी, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की तो खेत के पास उसका दुपट्टा मिला। इसके बाद पास स्थित कुएं में तलाश की गई, जहां उसका शव मिला।

खेत के पास मिला दुपट्टा

थाना प्रभारी कमल सिंह के मुताबिक, आयुषी के घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर खेत के पास उसका दुपट्टा पड़ा मिला। पास में कुआं होने के कारण परिजनों को आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला

सूचना मिलने पर जतारा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कुएं में तलाश की गई, जहां कुछ देर बाद आयुषी का शव मिला। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आयुषी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post