दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मनेरी स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। 20 सितंबर की रात एक अज्ञात वाहन चालक ने मारुति अर्टिगा में ₹5,400 का पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया। पेट्रोल पंप संचालक अखिलेश कुमार यादव ने मनेरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
टंकी फुल कराई, बिना भुगतान भागा
शिकायत के अनुसार घटना रात करीब 12:16 बजे की है। ग्रे रंग की मारुति अर्टिगा पेट्रोल पंप पर पहुंची। चालक ने कर्मचारी अभिषेक सिंह से वाहन की टंकी फुल करने को कहा। कर्मचारी ने कार में कुल ₹5,400 का पेट्रोल भरा। इसके बाद चालक ने वाहन स्टार्ट किया और बिना भुगतान किए मौके से फरार हो गया।
CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना
रात का समय होने के कारण वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे सका। हालांकि, पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कार का मॉडल, रंग और घटना की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। संचालक ने पुलिस को शिकायत के साथ पेट्रोल बिल, कैश मेमो, CCTV फुटेज के स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप भी उपलब्ध कराए हैं।
पंप संचालक ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर मारुति अर्टिगा और उसके चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
कुछ दिन पहले हुई थी डकैती
गौरतलब है कि इसी अतुलित फिलिंग स्टेशन पर कुछ दिन पहले डकैती की वारदात भी सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान एक इंजीनियरिंग छात्र को कथित तौर पर मास्टरमाइंड बताया था। ऐसे में पेट्रोल पंप पर दोबारा हुई इस घटना को लेकर संचालक ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
Tags
jabalpur
