Jabalpur News: इंजीनियरिंग छात्र से चाकू की नोक पर 10 हजार रुपए की लूट, आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल से भी जबरन ट्रांसफर कराए थे 5 हजार रुपए

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग छात्र को चाकू दिखाकर डराने, मारपीट करने और उससे जबरन रुपए छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष राजपूत (28), निवासी ग्रीन सिटी, बाबा बर्फानी, सत्यम हाउस, माढ़ोताल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने छात्र से नकद रुपए छीनने के साथ उसके मोबाइल का पासवर्ड लेकर ऑनलाइन भी रुपए ट्रांसफर किए थे। मामले में पुलिस ने आरोपी मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

प्रैक्टिकल परीक्षा देकर कॉलेज से निकला था छात्र

पुलिस के मुताबिक, अविनाश कुमार निवासी बरेला ने 22 अगस्त 2026 को माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा देने गया था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह कॉलेज से बाहर निकला और अपने कमरे नीमखेड़ा जाने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी आयुष राजपूत ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने छात्र को चाकू दिखाकर डराया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे तिवारी रेस्टोरेंट ले गया।

जेब से जबरन निकाले 5 हजार रुपए

पुलिस के अनुसार, तिवारी रेस्टोरेंट पहुंचने के बाद आरोपी ने छात्र से पूछा कि उसके पास कितने रुपए हैं। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर जबरदस्ती उसकी जेब में हाथ डालकर 5 हजार रुपए निकाल लिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने छात्र से उसके मोबाइल का पासवर्ड भी ले लिया और मोबाइल के माध्यम से उसके खाते से 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इस तरह छात्र से कुल 10 हजार रुपए लिए जाने की बात सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ विश्वसनीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आयुष राजपूत को पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया और छात्र से लिए गए रुपए खर्च कर देना बताया। इसके बाद आरोपी को मामले में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेंद्र सिंह पवार, सहायक उप निरीक्षक तीरथ प्रसाद बागरी, विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा, आरक्षक निकेश कुमार, विनय सिंह, राहुल, कुनाल यादव, श्रवण कुमार और देवकीनंदन कुर्मी की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post