Jabalpur News: सोते हुए मासूम बेटे के सिर पर पिता ने हथौड़े से किया वार, मौत; आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बसेड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने मासूम बेटे पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पिता तुलसीराम लोधी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, तुलसीराम का छोटा बेटा प्रेम सिंह घर में खेलते-खेलते जमीन पर सो गया था। इसी दौरान तुलसीराम ने अचानक पास में रखा हथौड़ा उठाया और बच्चे के सिर पर हमला कर दिया। हथौड़े का वार दाहिनी आंख के ऊपर सिर में लगा, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, तुलसीराम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा था। करीब आठ दिन पहले भी उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसने घर में हंगामा और गाली-गलौज की थी। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जबलपुर लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह आए दिन किसी न किसी से विवाद कर रहा था और बुधवार सुबह भी बच्चों व पत्नी के साथ मारपीट की थी।

करीब 30 वर्षीय तुलसीराम गांव में समोसे की दुकान लगाता है। वह अपनी पत्नी, बच्चों, छोटे भाई और माता-पिता के साथ रहता है। परिवार में उसका एक बड़ा बेटा भी है। पुलिस के अनुसार, मृत बच्चा भी दिव्यांग और बीमार रहता था।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post