Jabalpur News: कथित अवैध शराब का वीडियो बनाने पर सामाजिक कार्यकर्ता से मारपीट, कपड़े फाड़े और मोबाइल छीना; होटल ऋषि रीजेंसी के बाहर हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कथित अवैध शराब परिवहन का वीडियो बनाना भगवती मानव कल्याण संगठन के एक कार्यकर्ता को भारी पड़ गया। कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि होटल ऋषि रिजेंसी के पास शराब ले जा रही गाड़ियों का वीडियो बनाने के दौरान होटल मैनेजर और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान कपड़े फाड़ने और मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने का भी आरोप है।

घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। विरोध में बुधवार को संगठन के कार्यकर्ता होटल के बाहर एकत्रित हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छीना गया मोबाइल वापस दिलाने की मांग की।

शराब से भरी गाड़ी का वीडियो बनाने पर विवाद


भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता रूपसिंह लोधी ने बताया कि एक पिकअप बोलेरो गाड़ी में शराब भरकर होटल ऋषि रिजेंसी के पास लाई गई थी। उन्होंने सड़क पर खड़े होकर गाड़ी का वीडियो बनाया और यह पूछने की कोशिश की कि शराब कहां से लाई जा रही है और कहां ले जाई जा रही है।

रूपसिंह के आरोप के मुताबिक, इसी दौरान होटल के मैनेजर और 3-4 अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्हें घसीटते हुए बिल्डिंग तक ले जाया गया और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। इसके बाद मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच


घटना के बाद पीड़ित कार्यकर्ता और संगठन के सदस्य सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल के सामने कथित अवैध शराब ले जाने का वीडियो बनाने के दौरान मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा मामले की तस्दीक की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग को दी सूचना, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्टॉक से अधिक शराब होने के संबंध में आबकारी विभाग को सूचित किया जा रहा है। साथ ही होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यवस्था बनाए रखने और नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित दुकान का शटर बंद करवाया गया है।

संगठन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग


संगठन की प्रतिनिधि रेखा पटेल ने आरोप लगाया कि भगवती मानव कल्याण संगठन लगातार नशामुक्ति और अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट गलत है। उन्होंने आरोपी होटल मैनेजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कार्यकर्ता का मोबाइल वापस दिलाने की मांग की।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post