Jabalpur News: इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन की डीलरशिप देने के नाम पर ठगी, बड़े फुहारा के व्यापारी से हड़पे ₹2.25 लाख

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। साइबर ठगों ने अब इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन की डीलरशिप देने के नाम पर ठगी का नया जाल बिछाया है। शहर के निवासी गांधीगंज बड़ा फुहारा के एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए शातिर साइबर ठगों ने ₹2,25,000 की ऑनलाइन चपत लगा दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांधीगंज बड़ा फुहारा निवासी रोहित जैन (46 वर्ष), जिनकी निवाड़गंज में चावल की दुकान है, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने गूगल पर महिंद्रा ईवी डीलरशिप की लिंक से चार्जिंग स्टेशन लगाने का फॉर्म डाउनलोड किया था। फॉर्म भरकर दिए गए ईमेल आईडी पर भेज दिया।

तीन किश्तों में वसूले ₹2.25 लाख

फॉर्म भेजने के तुरंत बाद पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए चार्जिंग स्टेशन की प्रक्रिया के नाम पर यूपीआई (UPI) के जरिए पैसे ट्रांसफर करने को कहा। साइबर ठग ने पहली किश्त के रूप में ₹50,000 लिए। प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर ₹98,000 उसी अकाउंट में ट्रांसफर कराए। अन्य औपचारिकताओं के नाम पर ₹77,000 और ऐंठ लिए।

साइट विजिट के नाम पर दिया झांसा, फिर काटा फोन

रकम हड़पने के बाद आरोपी ने कहा कि कंपनी की टीम चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए जगह (साइट) देखने जबलपुर आएगी। लेकिन कोई टीम जबलपुर नहीं पहुंची। जब व्यापारी ने संपर्क किया तो आरोपी अन्य तरह की फीस का हवाला देकर और पैसों की मांग करने लगा। संदेह होने पर जब व्यापारी ने पैसे देने से मना किया और अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।

मामला दर्ज, जांच में जुटी कोतवाली पुलिस 


ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम पर कुल ₹2,25,000 की धोखाधड़ी होने का अहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने फरियादी निवासी गांधीगंज बड़ा फुहारा रोहित जैन की रिपोर्ट पर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post