Jabalpur News: बरगी क्रूज हादसे पर बनी गणेश झांकी, सीने से चिपके मासूम और मां की तस्वीर देख छलके आंसू; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। 30 अप्रैल को बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की दर्दनाक यादें आज भी लोगों के जेहन में हैं। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 28 पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया था। हादसे के बाद सामने आई मां-बेटे की तस्वीर ने लोगों को झकझोर दिया था। अब गणेश उत्सव के दौरान जबलपुर के गंगा नगर में इसी हादसे को झांकी के जरिए प्रदर्शित किया गया है।

गंगा नगर निवासी 22 वर्षीय आदर्श पटेल ने घर के बाहर गणेश प्रतिमा स्थापित कर बरगी डैम का दृश्य तैयार किया है। झांकी में डैम के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ क्रूज हादसे के दौरान पानी में जान बचाने की जद्दोजहद करते लोगों के दृश्य दिखाए गए हैं। हादसे के बाद अपनों को बचाने की कोशिश और पानी में तैरते क्रूज को भी 3-डी स्वरूप में दर्शाया गया है।

मां-बेटे की तस्वीर ने किया भावुक


झांकी में हादसे के सबसे मार्मिक दृश्यों में शामिल मां-बेटे की तस्वीर को भी जगह दी गई है। हादसे के दौरान मां अपने बच्चे को सीने से लगाए हुए थी। दोनों को पानी से बाहर निकाले जाने के बाद भी मां बच्चे को अपने सीने से चिपकाए रही। यही तस्वीर हादसे के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी और लोगों को भावुक कर दिया था।

इस तस्वीर को तत्कालीन बरगी चौकी प्रभारी सरिता पटेल ने क्लिक किया था। बताया गया कि मां-बेटे एक ही लाइफ जैकेट से जुड़े हुए थे।

हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि


आदर्श पटेल ने बताया कि हादसे के करीब पांच महीने पहले वे बरगी डैम गए थे। हादसे के बाद वहां के दृश्य और लोगों की जद्दोजहद ने उन्हें प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने गणेश उत्सव में इस हादसे को झांकी के जरिए प्रदर्शित करने का फैसला किया।

झांकी का उद्देश्य हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना और लोगों को पानी में सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

लाइफ जैकेट पहनने का दिया संदेश


झांकी के जरिए लोगों से अपील की गई है कि क्रूज या नाव में सफर करते समय लाइफ जैकेट जरूर पहनें। आदर्श का कहना है कि पानी में छोटी सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है। सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल हादसे की स्थिति में जान बचाने में मददगार हो सकता है।

भूकंप कॉलोनी में भी बनाई गई झांकी

गंगा नगर के अलावा जबलपुर की भूकंप कॉलोनी में भी गणेश प्रतिमा के साथ बरगी क्रूज हादसे को झांकी के जरिए प्रदर्शित किया गया है। दोनों स्थानों पर बनाई गई झांकियां लोगों के बीच चर्चा और भावुकता का केंद्र बनी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post